Jaipur Road Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयपुर के बगरू पुलिया के पास श्रद्धालुओं से भरा एक (Jaipur Road Accident) टेम्पो ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। इस भीषण हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टेम्पो ट्रैवलर बगरू पुलिया से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
नासिक से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले थे। वे सभी आस्था के साथ भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन करने के लिए निकले थे, लेकिन किसे पता था कि जयपुर में बगरू पुलिया के पास यह बड़ा हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
एसएमएस अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
बगरू थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और किन परिस्थितियों में यह टक्कर हुई। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क साधने के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
