शाहजहांपुर में खौफनाक वारदात: मंदिर पर कब्जे के लिए दो साधुओं की झोपड़ी में लगाई आग, जलकर दर्दनाक मौत

Shahjahanpur Crime: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में भोले बाबा…

Shahjahanpur Crime: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में भोले बाबा मंदिर के पास (Shahjahanpur Crime) बनी झोपड़ी में सो रहे दो साधुओं की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान बाबा बिहारी दास और उनके शिष्य गोपाल दास के रूप में हुई है, जिन्हें साजिश के तहत झोपड़ी समेत जिंदा जला दिया गया।

धुआं देख दौड़े ग्रामीण, राख में तब्दील हो चुकी थी झोपड़ी
दोनों साधु लंबे समय से मंदिर परिसर के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे और पूजा-पाठ का जिम्मा संभालते थे। सुबह जब ग्रामीणों ने झोपड़ी से धुआं उठता देखा, तो मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर दोनों साधुओं के जले हुए शव बरामद हुए।

मंदिर पर कब्जे की खूनी साजिश
इस दोहरे हत्याकांड के पीछे मंदिर पर कब्जे की साजिश सामने आ रही है। मंदिर के संरक्षक और स्थानीय निवासी शिवकुमार सिंह ने गांव के ही सुमित सिंह के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। आरोप है कि सुमित इस मंदिर पर अपना कब्जा जमाना चाहता था और इसी वजह से उसने सोते समय दोनों साधुओं को रास्ते से हटाने के लिए झोपड़ी में आग लगा दी।

सीसीटीवी और फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सौरभ दीक्षित ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुमित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। फोरेंसिक (FSL) टीम ने मौके से अहम सुराग जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के स्पष्ट कारणों और समय की पुष्टि हो सके।