महज 20 रुपये की प्लेट पर रूह कंपा देने वाला विवाद: मोमोज कम होने पर भड़के दुकानदार ने जिम जा रहे छात्र के साथ कर दी ये हैवानियत

Gwalior Momos Incident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मामूली बात पर गुस्से की इंतहा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ महज…

Gwalior Momos Incident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मामूली बात पर गुस्से की इंतहा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ महज 20 रुपए के मोमोज (Gwalior Momos Incident) की प्लेट में मात्रा कम होने को लेकर हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक 18 वर्षीय छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह दिल दहला देने वाली घटना हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे की है।

जिम जाते समय रास्ते में रुका था छात्र
जानकारी के अनुसार, न्यू रेशम मिल के प्रगति नगर में रहने वाला 18 साल का शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दोस्तों—गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था। रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर रुके, जहाँ शिवा ने 20 रुपए के मोमोज खरीदे। प्लेट मिलने पर जब उसने मोमोज की संख्या कम देखी, तो उसने ठेला संचालक अंकित से इस बारे में सवाल पूछ लिया।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुँचा
प्लेट में कम मोमोज मिलने को लेकर पूछा गया एक छोटा सा सवाल दुकानदार को नागवार गुजरा। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला गाली-गलौज तक पहुँच गया। जब छात्र शिवा ने दुकानदार की गालियों का विरोध किया, तो बात सड़क पर हाथापाई और मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्साए ठेला संचालक अंकित ने सारी हदें पार करते हुए मोमोज तलने वाली कढ़ाई से खौलता हुआ तेल उठाया और सीधे शिवा के चेहरे और कान पर फेंक दिया।

अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
खौलते तेल की चपेट में आने से छात्र शिवा बुरी तरह झुलस गया और मौके पर दर्द से छटपटाने लगा। घटना के वक्त उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पिता ने मौके पर पहुँचकर उसे फौरन एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है। हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर आरोपी ठेला संचालक अंकित के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।