Yamuna Expressway Bus Fire: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां चलते (Yamuna Expressway Bus Fire) हुए एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने चलती बस से छलांग लगा दी, लेकिन इस भयानक अग्निकांड में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। नोएडा पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है।
यह दुर्घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास हुई। बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने रोकी बस, मची अफरा-तफरी
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, आग का पता चलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिसके बाद कई यात्री बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से धुआं और ऊंची उठती लपटें देखकर सवारियों में अफरा-तफरी मच गई थी। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि बस के अंदर से पटाखे जैसी आवाजें आ रही थीं। डबल डेकर बस देखते ही देखते धूं-धूं कर जलने लगी।
हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को उतरने का मौका ही नहीं मिला और वे अंदर ही फंस गए। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला और एक दिव्यांग बच्चा भी शामिल है। घायलों को तुरंत कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बस राज कल्पना ट्रेवल्स की थी (नंबर BR 32 PA 8647), जो दिल्ली से महोबा जा रही थी।
Greater Noida, Uttar Pradesh: A double-decker bus caught fire on the Yamuna Expressway in Jewar, with over 30 passengers onboard and nine people, including a woman, reportedly burnt alive. Rescue operations are underway pic.twitter.com/OrOuF7uwd4
— IANS (@ians_india) September 24, 2026
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना का गंभीर संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज के लिए तत्काल निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
दमकल की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम, पुलिस और 4 से 5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आगजनी के कारण जेवर टोल और फलैदा कट के पास आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात रोकना पड़ा था, जिसे आग बुझने के बाद सुचारू किया गया। फिलहाल बस में आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
