बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत: हड़ताल से पहले 27 सितंबर यानी रविवार को भी सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे बैंक

Regional Rural Banks: बैंक यूनियनों की ओर से बुलाई गई तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय ने एक बड़ा…

Regional Rural Banks: बैंक यूनियनों की ओर से बुलाई गई तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय ने एक बड़ा कदम (Regional Rural Banks) उठाया है। सरकार ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को आम दिनों की तरह सामान्य रूप से खुले रखने का निर्देश दिया है, ताकि ग्राहकों को असुविधा से बचाया जा सके।

क्यों पड़ी रविवार को बैंक खुले रखने की जरूरत?
युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की तरफ से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय हड़ताल बुलाई गई है। डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने हुई सुलह बैठक में कोई ठोस नतीजा न निकलने के कारण यूनियनों ने हड़ताल पर आगे बढ़ने का फैसला किया। चूंकि 26 सितंबर को चौथे शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी थी, इसलिए यदि रविवार को बैंक नहीं खुलते, तो लगातार 5 दिनों तक कामकाज ठप रहता और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।

ग्राहकों की सुविधा और RBI की मंजूरी
वित्त मंत्रालय के इस फैसले को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। इसके तहत केवल नियमित बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि कार्यालय, एटीएम से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी सामान्य रूप से चालू रहेंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सोमवार से शुरू होने वाली हड़ताल से पहले ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग कार्य और ट्रांजैक्शन आसानी से पूरे कर सकें। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से अपनी हड़ताल वापस लेने की अपील भी की है।