Sultanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां शहीद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पंचकूला से देवरिया (Sultanpur Road Accident) जा रही शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान की पार्थिव देह लेकर आ रही एम्बुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में शहीद के बेटे, भाई, भतीजे और एम्बुलेंस चालक सहित कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की मुख्य बातें और समय
यह दर्दनाक हादसा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 79.6 (हैलियापुर थाना क्षेत्र) के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम्बुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी और आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह नियंत्रण खो बैठा और वाहन खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भयानक थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
मौके पर ही दो की मौत, अस्पताल ले जाते समय दो अन्य ने तोडा दम
इस भीषण टक्कर में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह और एम्बुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए शहीद के भाई राजन चौधरी और भतीजे राम समुझ को तुरंत अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। शवों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस से बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा।
घर पहुंचने से पहले ही उजड़ गया पूरा परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकूला में शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर लाने के लिए परिवार के ये सदस्य पंचकूला गए थे और 3 अक्टूबर की देर रात वहां से देवरिया के लिए रवाना हुए थे। लेकिन घर पहुंचने से ठीक पहले हुए इस हादसे ने एक ही परिवार के चिराग बुझा दिए। फिलहाल, शहीद का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हैलियापुर थाने में रखा गया है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
