गैस कटर से काटनी पड़ी कार, निकले 4 शव! जमशेदपुर में रफ्तार का कहर, झारखंड की मंत्री की बेटी ने भी गंवाई जान

Jamshedpur Road Accident: झारखंड के जमशेदपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें चार युवाओं की जान चली गई है। सोनारी थाना क्षेत्र…

Jamshedpur Road Accident: झारखंड के जमशेदपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें चार युवाओं की जान चली गई है। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव (Jamshedpur Road Accident) पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े खराब ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।

गैस कटर की मदद से निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन और अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

मृतकों की पहचान और शुरुआती जांच
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने बताया कि संबंधित ट्रक बुधवार रात से खराब होकर सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से उसमें जा घुसी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण ट्रक का दिखाई न देना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी और अन्य युवाओं के निधन को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।