Hanuman Ansh Movie: लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी इन दिनों अपनी बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की अभूतपूर्व सफलता को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस (Hanuman Ansh Movie) पर नए रिकॉर्ड बना रही है और लगभग दो महीने पूरे होने को आने के बाद भी दर्शकों के बीच इसका जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। शानदार प्रदर्शन करते हुए इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा भी पार कर लिया है।
कैंची धाम में उमड़ी भारी भीड़
फिल्म की सफलता के बीच इन दिनों प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल नीम करोली बाबा के आश्रम (कैंची धाम) में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। खासतौर पर लॉन्ग वीकेंड और शुक्रवार से रविवार के बीच आश्रम में अथाह भीड़ जमा हो गई। इस भारी भीड़ को और वहां उत्पन्न हुई अव्यवस्था को देखते हुए निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने श्रद्धालुओं से एक महत्वपूर्ण अपील की है।
कैंची धाम जाने से पहले परिस्थिति का लें जायजा
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में विशाल चतुर्वेदी ने इस बात पर चर्चा की कि क्या लोग ‘हनुमान अंश’ फिल्म से प्रेरित होकर कैंची धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने वीडियो में कहा, “नमस्कार जय सीताराम, मैं डॉक्टर विशाल द्विवेदी, ‘हनुमान अंश’ फिल्म का राइटर हूं। इस समय कैंची धाम में बहुत ज्यादा भीड़ हो रही है… जो भी लोग कैंची धाम पहुंच रहे हैं, उन्हें यह पता होना चाहिए कि वहां कब जाना है और वहां की मौजूदा परिस्थिति क्या है।” उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि यात्रा करने से पहले वहां के हालातों की पूरी जानकारी जरूर ले लें।
वैकल्पिक धार्मिक स्थलों के दर्शन की सलाह
भीड़भाड़ से बचने और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए निर्देशक ने श्रद्धालुओं को बाबा नीम करोली महाराज के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के दर्शन करने का सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि कैंची धाम के अलावा कापड़ी घाट, हनुमानगढ़ मंदिर, महाराज जी का जन्मस्थान अकबरपुर, वृंदावन (जहाँ महाराज जी ने समाधि ली थी) और उनकी तपस्थली नीकर गांव जैसे पवित्र स्थान भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यदि कैंची धाम में अत्यधिक भीड़ के कारण प्रवेश मिलना मुश्किल हो रहा है, तो श्रद्धालु इन पावन स्थानों पर जाकर भी दर्शन कर सकते हैं।
View this post on Instagram
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जताई चिंता
वीडियो के अंत में विशाल चतुर्वेदी ने भीड़ के कारण हो रही परेशानियों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अत्यधिक जाम और भीड़भाड़ के कारण परिवारों, महिलाओं और बच्चों को घुटन (सफोकेशन) जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी और अपनों की सुरक्षा का ध्यान रखें, क्योंकि महाराज जी हर जगह और सभी के दिलों में व्याप्त हैं।
यूजर्स ने की निर्देशक की सराहना
विशाल चतुर्वेदी के इस सूझबूझ भरे और जिम्मेदार संदेश की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। तमाम यूजर्स कमेंट्स के जरिए उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “थैंक यू विशाल जी, यह वीडियो इस समय बेहद जरूरी था।” वहीं अन्य यूजर्स का कहना है कि यह संदेश समय पर और सही लोगों तक पहुंचना बहुत आवश्यक था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
