अटल पथ पर मातम: दुर्गा पूजा से लौट रहे 6 नाबालिगों के लिए काल बनी तेज रफ्तार कार, 2 ने तोड़ा दम, ड्राइवर फरार।

Patna Scorpio accident: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित अटल पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। महेश नगर के…

Patna Scorpio accident: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित अटल पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। महेश नगर के पास कल (Patna Scorpio accident) देर रात नवरात्रि का दुर्गा पंडाल घूमकर लौट रहे कुछ बच्चों को एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 6 नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान 2 बच्चों की मौत हो गई है।

मृतकों की पहचान और अस्पताल में घायलों का इलाज
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों किशोरों की पहचान रामकृष्ण नगर इलाके के सदानी चक निवासी 16 वर्षीय अमरजीत कुमार और 17 वर्षीय अंकेश कुमार के रूप में हुई है। सभी बच्चे देर रात दुर्गा पूजा घूमकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन गहरी चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी, जबकि अन्य घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी: आंखों देखा हाल
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी नीलाधर झा ने हादसे का आंखों देखा हाल बताते हुए कहा कि उनकी दुकान उसी जगह पर है। जब वे दुकान बंद करके खाना खाने जा रहे थे, तभी उन्हें एक जोरदार आवाज सुनाई दी और एक गाड़ी पलटी खा रही थी। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने मेला देखकर वापस आ रहे 7 से 8 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था।

हादसे के बाद ड्राइवर फरार, गाड़ी पर लगा था जेडीयू (JDU) का झंडा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने वाली गाड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो थी जो बेहद तेज रफ्तार में चल रही थी। हादसे के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों की मदद की और ई-रिक्शा बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। खास बात यह है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली इस स्कॉर्पियो पर जेडीयू (JDU) का एक छोटा सा झंडा भी लगा हुआ था। फिलहाल, पुलिस गाड़ी के अनियंत्रित होने के कारणों और पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।