वर्कआउट करते समय अचानक गिरे 45 वर्षीय प्रिंसिपल: 2 मिनट के सीपीआर ने भी नहीं बचाई जान, सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक मंजर।

Rajasthan Gym Death: राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ जिम में वर्कआउट…

Rajasthan Gym Death: राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ जिम में वर्कआउट के दौरान (Rajasthan Gym Death) एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने सबको स्तब्ध कर दिया है।

छोटी बेटी के साथ जिम गए थे प्रिंसिपल
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बीरबल मेव के रूप में हुई है, जो आसपालसर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे बीरबल अपनी छोटी बेटी कविता के साथ जिम गए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक वे नीचे गिरकर बेहोश हो गए।

जिम संचालक ने बचाने की पूरी कोशिश की
ट्रेडमिल पर प्रिंसिपल के अचानक गिरने से जिम में अफरा-तफरी मच गई। जिम संचालक तुरंत उनके पास पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब दो मिनट तक लगातार सीपीआर (कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया ताकि उन्हें होश में लाया जा सके। हालांकि, जब उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की शुरुआती आशंका के मुताबिक मौत की वजह हार्ट अटैक हो सकती है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि मंगलवार शाम को ही शव को निजी अस्पताल से उप जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में शिफ्ट करवा दिया गया था। बुधवार सुबह परिजनों के अस्पताल पहुँचने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत के असली और स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में दो दशकों का अमूल्य योगदान
बीरबल मेव पिछले करीब 20 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी पहली सरकारी नौकरी वर्ष 2006 में चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र की बीदासर तहसील के सांडवा गाँव में लेक्चरर के रूप में हुई थी। इसके बाद, वर्ष 2018 में प्रमोशन पाकर वे प्रिंसिपल के पद पर प्रमोट हुए। वर्तमान में वे सरदारशहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित आसपालसर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत थे।

हँसता-खेलता परिवार उजड़ा
मूल रूप से सरदारशहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित निमरासर गाँव के रहने वाले बीरबल मेव वर्तमान में अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में ही रह रहे थे। उनकी बड़ी बेटी ऋतिका एक नवोदय विद्यालय में 10वीं कक्षा की छात्रा है, जबकि छोटी बेटी कविता 5वीं कक्षा में पढ़ती है। एक जिम्मेदार शिक्षक और पिता के अचानक इस दुनिया से चले जाने से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।