Tamil Nadu Crime News: तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले स्थित नागरकोइल रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के खाली कोच में करीब 50 वर्षीय महिला से दुष्कर्म और हत्या (Tamil Nadu Crime News) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर 31 वर्षीय आरोपी अय्यप्पन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को प्लेटफॉर्म से जबरन खाली कोच में खींचा, उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से हमला कर उसकी जान ले ली।
यार्ड में खड़ी ट्रेन की सीट के नीचे मिला था सड़ा-गला शव
यह मामला 18 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे उस समय उजागर हुआ, जब नागरकोइल रेलवे स्टेशन के 13वें यार्ड में खड़ी ट्रेन संख्या 16366 के पिछले खाली कोच में सीट के नीचे एक महिला का शव बरामद हुआ। करीब 50 वर्ष की इस महिला का शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। शुरुआत में महिला की पहचान और उसके कोच तक पहुंचने को लेकर पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था। नागरकोइल ईस्ट के ग्राम प्रशासनिक अधिकारी (VAO) की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने इसे हत्या के केस में तब्दील कर दिया।
सफेद धोती-शर्ट में दिखे संदिग्ध से खुला राज
वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए इंस्पेक्टर कैथरीन सुजाता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली, जिसमें 14 नवंबर की एक अहम फुटेज हाथ लगी। इस फुटेज में सफेद धोती और सफेद शर्ट पहने एक युवक प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर खड़ी ट्रेन के कोच से नीचे उतरता हुआ दिखाई दिया। गहन जांच के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सेंबगरामनपुथूर निवासी 31 वर्षीय अय्यप्पन (पुत्र जॉनसन) के रूप में की।
14 नवंबर की आधी रात को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर हुई थी वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि 14 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे अय्यप्पन ने महिला को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर घूमते हुए देखा था। आरोप है कि उसने महिला को जबरन पकड़कर ट्रेन के खाली कोच में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने महिला पर बेरहमी से हमला किया, जिससे गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के करीब चार दिन बाद 18 नवंबर को महिला का शव बरामद हुआ। फिलहाल रेलवे पुलिस ने आरोपी अय्यप्पन को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
