पंजाब में बड़ा हादसा: पटियाला-संगरूर मार्ग पर भाखड़ा नहर का लोहे का पुल गिरा, दो ट्रक नहर में लटके और लगी आग

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर मार्ग पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना लोहे का एक पुल गुरुवार सुबह अचानक धराशायी हो गया। हादसे के…

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर मार्ग पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना लोहे का एक पुल गुरुवार सुबह अचानक धराशायी हो गया। हादसे के वक्त पुल से गुजर (Patiala Bridge Collapse) रहे दो ट्रक टूटने के साथ ही नहर में धंस गए और फिलहाल अधर में लटके हुए हैं। इतना ही नहीं, हादसे के बाद ट्रकों में आग भी लग गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला, राहत-बचाव दल और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने व रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया गया। टूटे हुए पुल के ऊपर से अब भाखड़ा नहर का पानी बह रहा है।

दोनों ट्रक ड्राइवर सुरक्षित, दूसरे पुल से यातायात बहाल राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और दोनों ट्रक ड्राइवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने टूटे हुए पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। यातायात को सुचारू रखने के लिए दूसरी तरफ के पुल को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।

2016 में बना था पुल, स्ट्रक्चर और ओवरलोडिंग पर उठे सवाल जानकारी के मुताबिक, यह नेशनल हाईवे और पुल करीब 2016 में तैयार हुए थे। बताया जा रहा है कि पुल पर पहले भी दरारें आने की शिकायतें सामने आई थीं। महज एक दशक में पुल के अचानक गिरने से इसके निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके साथ ही, हादसे के वक्त गुजर रहे ट्रकों के ओवरलोड होने की बात भी सामने आ रही है।

चश्मदीद ने बयां किया हादसे का मंजर मौके पर मौजूद एक अन्य ट्रक ड्राइवर राजवीर ने बताया कि वह मानसा जा रहा था। उसके मुताबिक, “पुल थोड़ा उछल रहा था, अगर समय रहते ट्रैफिक रोक दिया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था। देखते ही देखते दो ट्रक नीचे गिर गए, जिनमें से एक गाड़ी पूरी तरह तबाह हो गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया है, बाकी कोई अन्य घायल नहीं हुआ।”

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पटियाला के डिप्टी कमिश्नर (DC) हिमांशु जैन ने बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना था कि कोई जनहानि न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच करवाई जा रही है। डीसी ने सख्त लहजे में कहा कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनदेखी पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।