मौत बनकर दौड़ा ट्रक: कुशीनगर में आमने-सामने की टक्कर में 6 लोगों ने तोड़ा दम, मुख्यमंत्री ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हुआ। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के…

Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हुआ। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास (Kushinagar Road Accident) एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भयानक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

कार में कुल 8 लोग थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई कार में कुल 8 लोग सवार थे। इस गंभीर हादसे में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे सभी लोग
सामने आई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग किसी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

घटनास्थल पर पसरा मातम
इस भयानक हादसे के बाद सामने आए वीडियो में टक्कर की भीषणता साफ देखी जा सकती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और कार के परखच्चे उड़ गए और आसपास सामान व मलबा बिखर गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर हर कोई स्तब्ध नजर आया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया घटना का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में हुए इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।