पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खौफनाक हादसा: खड़े पिकअप से टकराई शव ले जा रही एम्बुलेंस, 5 लोगों ने गंवाई जान

Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के जयपुर से एक शव…

Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के जयपुर से एक शव लेकर गाजीपुर (Barabanki Accident) जा रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस सड़क पर खड़े एक पिकअप वाहन में पीछे से जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में एम्बुलेंस के दो चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं।

सुबेहा क्षेत्र के घेरावन गांव के पास हुई दुर्घटना
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6:30 बजे थाना सुबेहा क्षेत्र के घेरावन गांव के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर पॉइंट पर हुआ। तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर आगे खड़े पिकअप वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस में सवार पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तेज रफ्तार और धुंध की आशंका, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्य जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और धुंध को इस दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। इसके अलावा पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और पिकअप वाहन एक्सप्रेस-वे पर किस वजह से खड़ा था। फिलहाल पुलिस व रेस्क्यू टीम की कार्रवाई के बाद मामले की विस्तृत जांच जारी है।