Kannauj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 24 नवंबर की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार से आ रहे एक (Kannauj Road Accident) ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 4 स्कूली बच्चों की दुखद मौत हो गई, जबकि स्कूल स्टाफ सहित 24 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पिकनिक मनाकर लौट रहे थे छात्र
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 210 के पास हुआ। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के छात्र और स्टाफ सदस्य मथुरा के वृंदावन से पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खड़ी बस को पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।
राहगीरों की मदद से किया गया रेस्क्यू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों की मदद से बस में फंसे बच्चों व स्टाफ को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 4 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
दो की हालत नाजुक, कानपुर रेफर
अस्पताल में भर्ती घायलों में से दो लोगों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में स्कूल के प्रिंसिपल और एक छात्र को गहरी चोटें आई हैं, जिनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। वहीं, मामूली रूप से घायल हुए अन्य 22 बच्चों का उपचार तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
प्रशासन ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में लगभग 50 छात्र और 6 स्टाफ सदस्य मौजूद थे। हादसे की खबर पाकर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। कन्नौज पुलिस के अनुसार, हादसे में सुरक्षित बचे अन्य बच्चों को सकुशल उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि टक्कर के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
