Balaghat Crime News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सोगलपुर में एक बेहद शर्मनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ संपत्ति (Balaghat Crime News) और पेंशन के लालच में एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता को कथित तौर पर जिंदा जला दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 80 वर्षीय बुजुर्ग दुलेश्वर खोब्रागढ़े ग्राम सोगलपुर में अकेले रहते थे। उम्र के इस पड़ाव में उन्हें आंखों से कम दिखाई देता था और सुनने में भी परेशानी थी। उनके दो बेटे हैं, लेकिन वे उनके साथ नहीं रहते थे। बुजुर्ग ने अपनी देखभाल के लिए अपनी बेटी को अपने पास बुलाकर बसा लिया था और उसे रहने के लिए अपनी जमीन का कुछ हिस्सा भी दे दिया था।
पुलिस के मुताबिक, बेटी को जमीन दिए जाने से छोटा बेटा अनिल खोब्रागढ़े काफी नाराज था। उसे लगता था कि इससे उसके हिस्से की जमीन कम हो जाएगी। इसके अलावा, वह अपने पिता को मिलने वाली पेंशन और अन्य राशि का इस्तेमाल भी खुद की सुख-सुविधा के लिए करना चाहता था, लेकिन ऐसा न हो पाने से उसका गुस्सा और बढ़ गया था।
एसडीओपी दीपक सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी अपने पिता को खाना भी नहीं देता था और अक्सर अपनी बहन से विवाद करता रहता था, जबकि बहन चोरी-छिपे पिता को भोजन और पानी उपलब्ध कराती थी। 13 नवंबर को अनिल का अपनी बहन और पत्नी के साथ विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर अपने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस जांच के अनुसार, 14 नवंबर की रात आरोपी ने पेट्रोल का इंतजाम किया और बुजुर्ग पिता को दीवार के एक कोने में ले जाकर उन पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। घटना के अगले दिन सुबह वह अपने वाहन से फरार हो गया, जिसे उसकी बहन ने जाते हुए देखा था।
14 नवंबर को घर से दुलेश्वर खोब्रागढ़े का अधजला शव बरामद होने के बाद पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जुटाए गए सबूतों और बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
