महाराष्ट्र के भंडारा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की जोरदार टक्कर, 3 मासूम बच्चों समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Bhandara Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क इलाके में भाऊ ढाबे के…

Bhandara Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क इलाके में भाऊ ढाबे के पास (Bhandara Accident) ट्रक और कार वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन मासूम बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह साकोली के पास पिंपलगांव सड़क इलाके में हुआ। टक्कर के बाद कार वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

घायलों को तत्काल साकोली के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ।

मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव सड़क के पास उनकी कार वैन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

दो JCB की मदद से ट्रक से निकाली गई कार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार वैन ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी। बचाव दल को वाहन निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रक से अलग किया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू किया गया।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या कोई अन्य कारण था। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।