Sanjay Gandhi Hospital Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में एक हफ्ते से भर्ती सतना निवासी अर्चना गुप्ता (30 वर्ष) की इलाज के दौरान (Sanjay Gandhi Hospital Rewa) संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। मौत का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने मृतका की नाक से कीड़े निकलते हुए देखे, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने के बड़े आरोप लगाए गए हैं।
परिजनों के मुताबिक, अर्चना गुप्ता का 30 तारीख को स्कूटी से एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद उन्हें सामान्य हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग पांच दिन बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए किसी अन्य अस्पताल में रेफर करने से मना कर दिया। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब परिजन आईसीयू में मरीज की हालत का वीडियो बनाने गए, तो आरोप है कि डॉक्टरों ने उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया और परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया।
महिला की मौत के बाद यह मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर ट्वीट किया है, जिससे यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया है। लगातार बढ़ते विरोध और परिजनों के कड़े तेवरों के बाद, सीएमओ डॉ. अलग प्रकाश ने जानकारी दी है कि परिजनों की विशेष मांग पर मृतका का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एक तरफ जहां परिजन अस्पताल की लापरवाही और डॉक्टर-स्टाफ के अड़ियल रवैये को मौत की वजह बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की हालत बेहद गंभीर थी और उसका ब्रेन काम करना बंद कर चुका था, हालांकि उसकी पल्स चल रही थी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
