आईफोन की एक जिद और खत्म हो गया पूरा परिवार: बेटे को बचाने में पिता खाई में गिरे

Maharashtra Family Tragedy: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर (Maharashtra Family Tragedy)…

Maharashtra Family Tragedy: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर (Maharashtra Family Tragedy) कर रख दिया है। एक छोटी सी जिद और मोबाइल फोन के विवाद ने पलભर में हंसते-खेलते पूरे परिवार को तबाह कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में माता-पिता और उनके जवान बेटे सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

आईफोन की मांग और विवाद की शुरुआत
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है, जो झाल्टा फाटा इलाके के रहने वाले थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि कुणाल ने कुछ समय पहले एक आईफोन खरीदा था और उसकी ईएमआई भरने के लिए वह लगातार पैसों की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर पिता के साथ उसकी तीखी बहस और कहासुनी हो गई थी। पिता की डांट से नाराज होकर कुणाल घर से निकल गया और शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तिसगांव की एक ऊंची और जोखिम भरी पहाड़ी पर जा पहुंचा।

तीन घंटे तक समझाने के प्रयास
कुणाल के पहाड़ी पर जाने की खबर मिलते ही उसके माता-पिता तुरंत वहां पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर जमा हो गईं। पूर्व सरपंच संजय जाधव सहित कई लोगों ने कुणाल को बहुत समझाया। लोगों ने उसे यहां तक ऑफर दिया कि वे उसे नया आईफोन 15 प्रो दिला देंगे, और अपनी मां के बारे में सोचने की अपील की। हालांकि, कुणाल लगातार अपनी जिद पर अड़ा रहा और तीन घंटे तक चले इन प्रयासों का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।

पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत
दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता मुरलीधर खुद उस जगह पहुंचे जहां उनका बेटा खड़ा था। उन्होंने कुणाल को किनारे से खींचकर सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की, लेकिन अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में जा गिरे।

 

मां का दिल दहला देने वाला कदम
अपनी आंखों के सामने पति और जवान बेटे को नीचे गिरते देख मां संगीता यह आघात सहन नहीं कर सकीं। गहरी मानसिक पीड़ा और क्षणिक आवेश में आकर वह भी कुछ ही देर बाद पहाड़ी से नीचे कूद गईं। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के कुछ हिस्से वीडियो में भी रिकॉर्ड हुए हैं, जो इस त्रासदी की भयावहता को बयां करते हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।