VIP Darshan Fraud: धर्मनगरी काशी स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सावन के पवित्र महीने में उमड़ रही भारी (VIP Darshan Fraud) भीड़ का फायदा उठाकर कुछ दलाल सक्रिय हो गए हैं, जो श्रद्धालुओं से पैसे लेकर उन्हें वीआईपी और सुगम दर्शन कराने का झूठा दावा करते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दलाल को पकड़ा और कर्नाटक की महिला श्रद्धालु से ठगे गए 4 हजार रुपये वापस दिलवाए।
एसएचओ शिवकांत मिश्रा की मुस्तैदी: दलाल को लगाई फटकार और महिला को दिलाया न्याय
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सिगरा थाना प्रभारी (SHO) शिवकांत मिश्रा दलाल से महिला के पैसे वापस करवाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एसएचओ दलाल से पूछते हैं कि उसने पैसे क्यों लिए, जिसका दलाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाता है। एसएचओ ने दलाल को फटकार लगाते हुए कहा कि पूरी दुनिया मुफ्त में दर्शन कर रही है और तुम अवैध वसूली कर रहे हो। इसके बाद उन्होंने मैसूर (कर्नाटक) से आईं महिला श्रद्धालु नंदनी को आश्वस्त किया कि वे बिल्कुल परेशान न हों, पुलिस स्वयं उन्हें बाबा के दर्शन करवाएगी।
क्या था पूरा मामला? जानिए कैसे हुआ ठगी का पर्दाफाश
सोमवार को सुबह 4:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 के पास दक्षिण भारत से आईं श्रद्धालु नंदनी ने थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा से शिकायत की। उन्होंने बताया कि एक युवक ने जल्दी और विशेष दर्शन कराने का भरोसा देकर ऑनलाइन माध्यम से उनसे 4,000 रुपये ऐंठ लिए थे। पैसे लेने के बाद जब आरोपी उन्हें सामान्य कतार में ही प्रवेश कराने लगा, तो ठगी का अहसास होने पर महिला ने विरोध किया और तुरंत पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद उसकी ओर से ऑनलाइन ही पूरी राशि महिला के खाते में वापस ट्रांसफर करवा दी।
वाराणसी : काशी विश्वनाथ मंदिर की लाइन में लगी महिला से VIP दर्शन कराने के नाम पर एक दलाल ने 4 हजार रुपए ऑनलाइन वसूल लिए। पुलिस ने कर्नाटक की महिला को 4 हजार रुपए वापस दिलाए और मुफ्त दर्शन करवाए। pic.twitter.com/vFEV6lOmVG
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 3, 2026
प्रशासन की चेतावनी: किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं
घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर और अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को जागरूक कर रही है कि वर्तमान में मंदिर में किसी प्रकार की विशेष ‘सुगम दर्शन’ व्यवस्था संचालित नहीं की जा रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के जरिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।
