Gondia Balaghat Accident: महाराष्ट्र को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर सोमवार देर रात रफ्तार का ऐसा कहर बरपा कि रोजी-रोटी की तलाश में (Gondia Balaghat Accident) घर से निकले मजदूरों का सफर जिंदगी के आखिरी सफर में तब्दील हो गया। गोंदिया ग्रामीण पुलिस स्टेशन अंतर्गत ग्राम नागरा के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई।
रोजी-रोटी की तलाश बनी मौत का सफर
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से मजदूर अपने परिवार सहित चारपहिया वाहन बोलेरो में सवार होकर तेलंगाना के हैदराबाद के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा के समीप पहुंची, विपरीत दिशा से बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक ट्रक ने बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, गैस कटर से निकाले गए शव
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई थी और कई शव व घायल गाड़ी के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आनन्-फानन में घायलों और शवों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मलबे में फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
काल बनी रफ्तार, ट्रक चालक पर FIR दर्ज
इस दर्दनाक हादसे के संबंध में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (उम्र 32 वर्ष, निवासी गोंदिया) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम द्वारा की जा रही है।
