Aban Ahmed Death: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई है। यह हादसा झांसी-कानपुर हाईवे (Aban Ahmed Death) पर उस समय हुआ जब अबान की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह भयानक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अबान के साथ उसके साथी सोनू की भी जान चली गई।
अचानक जानवर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार में कुल 5 लोग सवार होकर झांसी की ओर जा रहे थे। हाईवे पर अचानक एक जानवर सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
अस्पताल में दो मृत घोषित, तीन गंभीर रूप से घायल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने 21 वर्षीय अबान अहमद और उसके साथी सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अतीक अहमद के परिवार का वर्तमान हाल
आपको बता दें कि माफिया अतीक अहमद के परिवार पर दुखों और कानूनी शिकंजों का पहाड़ टूटा हुआ है। अतीक का बेटा असद पहले ही उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। इसके अलावा, बेटा अली झांसी जेल में (जिस पर 10 मुकदमे हैं) और बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है (जिस पर 11 मुकदमे दर्ज हैं)। आइजम नाम का बेटा बाहर रहकर पढ़ाई कर रहा है, जबकि सबसे छोटा बेटा अबान इस सड़क हादसे का शिकार हो गया। वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार चल रही है और उस पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित है।
