बहन ने मृत भाई की कलाई पर बांधी आखिरी राखी, रुला देगा यह दृश्य

Raksha Bandhan: रक्षाबंधन से ठीक पहले तेलंगाना के शादनगर कस्बे से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिस घर में भाई-बहन के इस खास…

Raksha Bandhan: रक्षाबंधन से ठीक पहले तेलंगाना के शादनगर कस्बे से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिस घर में भाई-बहन के इस खास त्योहार की (Raksha Bandhan) तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। एक बहन ने अपने मृत भाई की कलाई पर आखिरी बार राखी बांधी और नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी।

जानकारी के मुताबिक, शादनगर के नेहरू नगर कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय जमल्लापुर नवीन की करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार को चटनपल्ली रेलवे गेट के पास स्थित एक मटन शॉप पर नवीन बिजली का तार ठीक कर रहा था।

इसी दौरान वह अचानक चालू बिजली के तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से नवीन गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

नवीन की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन का त्योहार बेहद करीब था और परिवार खुशियों की तैयारियों में जुटा था। ऐसे में भाई की मौत ने उसकी बहन पूजिता को पूरी तरह तोड़ दिया।

अपने भाई को हमेशा के लिए खोने के गम में डूबी पूजिता ने उसके पार्थिव शरीर के पास बैठकर आखिरी बार राखी बांधी। भाई की कलाई पर राखी बांधते वक्त वह खुद को संभाल नहीं सकी और फूट-फूटकर रोने लगी।

पूजिता ने नम आंखों से अपने भाई के साथ आखिरी तस्वीर भी खिंचवाई। यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिस राखी को भाई की कलाई पर बांधकर बहन उसके लंबे जीवन और खुशियों की कामना करने वाली थी, उसी राखी ने इस बार भाई को अंतिम विदाई देने का दर्दनाक रूप ले लिया।