Surrogate Advertising: इलायची के एक विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन दिग्गज अभिनेता—शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ—कानूनी मुश्किलों (Surrogate Advertising) में घिर गए हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने इसे प्रतिबंधित पान मसाला का ‘सरोगेट’ (अप्रत्यक्ष) विज्ञापन मानते हुए तीनों सितारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
क्या है पूरा मामला?
FDA के अनुसार, ऑनलाइन और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे एक इलायची ब्रांड के विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए डायलॉग, ब्रांड का नाम और प्रस्तुति सीधे तौर पर पान मसाला को प्रमोट करते हैं। ध्यान रहे कि महाराष्ट्र सरकार ने 13 जुलाई 2026 से पान मसाला जैसे उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर एक साल का पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसी प्रतिबंध के बावजूद ब्रांड का भ्रामक प्रचार करने पर यह कार्रवाई की गई है।
लग सकता है 10 लाख रुपये तक का जुर्माना
FDA ने यह नोटिस खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 की धारा 24 और 53 के तहत जारी किया है। कानून के मुताबिक, भ्रामक और गलत जानकारी देने वाले खाद्य विज्ञापनों पर सख्त रोक है। यदि ये अभिनेता इस मामले में नियमों के उल्लंघन के दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर 10 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
अभिनेताओं से मांगा गया स्पष्टीकरण
विभाग ने तीनों अभिनेताओं को पत्र लिखकर विज्ञापन में उनकी भूमिका और समर्थन को लेकर जवाब मांगा है। FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से यह स्पष्ट करने को कहा है कि नियमों की अनदेखी करने पर उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई क्यों न की जाए। फिलहाल, अब सभी की नजरें अभिनेताओं के जवाब पर टिकी हैं।
