Ram Mandir Management: अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बड़े स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं। मंदिर निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश आफले (Ram Mandir Management) को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सचिव बनाए जाने के बाद, अब सीए नरपत डुकिया को मंदिर के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही मंदिर के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) पद के लिए चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं।
सीए नरपत डुकिया को मिली प्रबंधन इकाई की कमान
ट्रस्ट द्वारा 8 अगस्त 2026 को जारी किए गए पत्र के अनुसार, सीए नरपत डुकिया को मंदिर संचालन एवं प्रबंधन इकाई का प्रमुख बनाया गया है। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन के करीबी माने जाने वाले डुकिया के पास मंदिर की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था का समन्वय करने, विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बिठाने और ट्रस्ट के फैसलों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी।
आचार्य इंद्रदेव मिश्र को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ धार्मिक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए आचार्य इंद्रदेव मिश्र को नरपत डुकिया का सहयोगी नियुक्त किया गया है। इंद्रदेव मिश्र, जो अयोध्या में राम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य भी हैं, उनका यह कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहेगा। उन पर मंदिर में होने वाले नित्य पूजन, यज्ञ, वैदिक अनुष्ठानों और धार्मिक समिति के निर्देशानुसार विभिन्न उत्सवों व कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी होगी।
प्रशासनिक और धार्मिक जिम्मेदारियों का पृथक्करण
चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन में यह बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रशासनिक प्रबंधन और धार्मिक अनुष्ठानों की जिम्मेदारियों को अलग-अलग तय किया गया है, ताकि दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। पिछले महीने ही जगदीश शंकर आफले को ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया था।
सीईओ पद के लिए इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया जारी
ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आज इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस चयन प्रक्रिया में डेढ़ दर्जन से अधिक उम्मीदवारों को शामिल किया गया है, और पूरी प्रक्रिया के दौरान राम मंदिर परिसर में सुरक्षा व गोपनीयता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस पद के लिए 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, और जल्द ही सीईओ तथा प्रवक्ता के नामों का आधिकारिक ऐलान होने की संभावना है।
