Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार (19 अक्टूबर 2026) देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कसया-देवरिया मार्ग पर (Kushinagar Road Accident) रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
देर रात हुआ हादसा, कार में सवार थे सात लोग
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे हुई। कार (संख्या UP 57 AW 9888) देवरिया की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कसया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कसया पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने नितेश कुमार (22) और प्रदीप कुमार (23) को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान दो और युवकों ने तोडा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अंकुर उर्फ आदित्य कन्नौजिया और गोलू उर्फ संजीव शर्मा की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले कुल युवकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अंकित की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इसके अलावा, दो अन्य घायलों का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
देरिया के रहने वाले थे सभी युवक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हादसे का शिकार हुए सभी युवक (मृतक और घायल) पड़ोसी जिले देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
