जमुई के बाद अब समस्तीपुर में शर्मनाक घटना: लड़की से सरेआम बदसलूकी का वीडियो वायरल, 4 मनचले गिरफ्तार

Samastipur Viral Video: बिहार के जमुई के बाद अब समस्तीपुर जिले से एक और बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र…

Samastipur Viral Video: बिहार के जमुई के बाद अब समस्तीपुर जिले से एक और बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर (Samastipur Viral Video) इलाके में कुछ युवकों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।

वायरल वीडियो के आधार पर 4 गिरफ्तार:
पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। कर्पूरीग्राम थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जगतसिंहपुर बांध इलाके में दिनदहाड़े लड़की को परेशान करने के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और फिलहाल सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच:
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह वायरल वीडियो कब का है और इसके पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। हालांकि, घटना की तारीख, पूरी पृष्ठभूमि और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।

जमुई मामले में एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार:
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बिहार के जमुई जिले से भी ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया था, जहां सड़क पर सरेआम नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ बदसलूकी और यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कुल तीन अन्य आरोपियों को भी दबोचा गया था।