Khatu Shyam Darshan Rules: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा खाटूश्याम को ‘हारे का सहारा’ के (Khatu Shyam Darshan Rules) रूप में जाना जाता है। देशभर से बड़ी संख्या में भक्त रोजाना बाबा के दर्शन के लिए खाटूश्याम धाम पहुंचते हैं। इसी बीच मंदिर की दर्शन व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे आम श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
अब सामान्य सिफारिश पर नहीं होंगे VIP दर्शन
खाटूश्याम मंदिर में VIP दर्शन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब केवल प्रोटोकॉल के तहत आने वाले श्रद्धालुओं को ही VIP दर्शन की सुविधा मिल सकेगी। सामान्य सिफारिश या व्यक्तिगत संपर्क के आधार पर अब VIP दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंदिर प्रशासन की यह नई व्यवस्था आज से लागू कर दी गई है। इसके बाद VIP दर्शन के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा।
लेटरपैड पर भेजनी होगी सिफारिश
VIP दर्शन के लिए संबंधित श्रद्धालु का नाम राजस्थान या किसी अन्य राज्य के गवर्नर हाउस, केंद्रीय मंत्री के कार्यालय या सचिवालय में तैनात अधिकारी के लेटरपैड पर लिखकर भेजना होगा। यह सिफारिश मंदिर कमेटी, पुलिस अधीक्षक (SP), जिला कलेक्टर और जिला जज को भेजी जा सकेगी।
दरअसल, VIP दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से VIP दर्शन की प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत करने का फैसला लिया गया है।
QR कोड से जोड़ी गई VIP दर्शन की प्रक्रिया
मंदिर में VIP दर्शन की व्यवस्था को अब निर्धारित प्रोटोकॉल के साथ QR कोड से भी जोड़ा गया है। पुलिस को शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग VIP दर्शन कराने का दावा कर श्रद्धालुओं से पैसे वसूल रहे थे। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए दर्शन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और नियंत्रित बनाने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत VIP दर्शन के नाम पर होने वाली अनधिकृत वसूली पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं को भी किसी व्यक्ति के झांसे में आकर VIP दर्शन के लिए पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है।
आम श्रद्धालुओं को मिल सकती है राहत
मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से किए गए इस बदलाव का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक तरीके से बाबा खाटूश्याम के दर्शन उपलब्ध कराना है।
खाटूश्याम मंदिर में विशेष त्योहारों, एकादशी और वार्षिक मेलों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में VIP प्रवेश को प्रोटोकॉल के तहत सीमित किए जाने से भीड़ प्रबंधन में मदद मिलने और आम भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
