कानपुर एयरक्राफ्ट क्रैश: नत्था पुरवा गांव में जोरदार धमाके के साथ गिरा विमान, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट का दुखद अंत

Kanpur Plane Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़े और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ गुरुवार दोपहर उड़ान भर रहा एक…

Kanpur Plane Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़े और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ गुरुवार दोपहर उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक (Kanpur Plane Crash) दुर्घटना का शिकार हो गया। इस भयानक हादसे में दो पायलटों की जान चली गई है। मृतकों की पहचान गुजरात के रहने वाले इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक के ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है।

यह विमान हादसा गंगा किनारे स्थित नत्था पुरवा गांव के पास हुआ, जहाँ विमान तेज धमाके के साथ जमीन पर जा गिरा। हादसे की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और डरे-सहमे ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था जिसमें दो लोग सवार थे। विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी और महज 20 मिनट बाद वापसी के दौरान वह क्रैश हो गया। उड़ान के दौरान अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद विमान पूरी तरह अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में एयरक्राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। विमान के मलबे से पायलटों को बाहर निकाला गया, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि यह हादसा आखिर कैसे हुआ। विमान में उड़ान के दौरान धमाका क्यों हुआ और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी, इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले अलास्का के एक मिलिट्री एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम और घने कोहरे के कारण हुए विमान हादसे में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जहाँ लैंडिंग के वक्त पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दे रहा था।