Rajasthan Road Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में रघुनाथपुरा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां टोल के नजदीक शुक्रवार देर रात एक ट्रक और कार की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार (Rajasthan Road Accident) एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और राहत कार्य के दौरान कार का गेट तोड़कर शवों व घायलों को बाहर निकालना पड़ा। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में दो की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
घटना की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार से घायलों को बाहर निकालकर सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने चूरू निवासी शर्मिला (पत्नी अभिषेक) और गुढ़ा निवासी महेंद्र शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश सीथल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। इसके अलावा, हादसे में घायल शीशराम जाट, हरिराम जाट (दोनों निवासी सीथल) और आलोक शर्मा (निवासी सीकर) का सूरजगढ़ सीएचसी में इलाज चल रहा है।
दिल्ली के आश्रम से गुरुजी के दर्शन कर लौट रहे थे सभी लोग
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला शर्मिला चूरू जिले की रहने वाली थीं और वर्तमान में सीकर में रहती थीं। उनके पति अभिषेक सहारण सीकर एसपी कार्यालय में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम में अपने गुरुजी से मिलने गए थे और वहीं से वापस अपने घर लौट रहे थे। वे लोग महीने में करीब एक बार गुरुजी के दर्शन के लिए दिल्ली जाया करते थे।
ब्रेकर के पास हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
सूरजगढ़ थाने के एसआई कानाराम के अनुसार, कार लोहारू की तरफ से झुंझुनूं की ओर आ रही थी। रघुनाथपुरा टोल के पास बने ब्रेकर के नजदीक पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
