नवादा की विवाहिता की दमन में हत्या, ट्रॉली बैग में मिला शव, हत्यारा प्रेमी फरार

Nawada Woman Murder: बिहार के नवादा जिले की रहने वाली एक विवाहिता की दर्दनाक कहानी ने सबको झकझोर कर रख दिया है। करीब दो साल…

Nawada Woman Murder: बिहार के नवादा जिले की रहने वाली एक विवाहिता की दर्दनाक कहानी ने सबको झकझोर कर रख दिया है। करीब दो साल पहले जिस प्रेमी के साथ उसने नई जिंदगी के सपने देखे और परिवार-समाज को छोड़कर जिसके साथ रहने लगी, उसी ने उसकी (Nawada Woman Murder) जान ले ली। दमन में एक ट्रॉली बैग से महिला का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई, जिसकी पहचान नवादा के रोह थाना क्षेत्र के सिऊर गांव की रहने वाली छोटी कुमारी के रूप में हुई है।

दो साल पहले पति का घर छोड़कर प्रेमी ऋषभ के साथ दमन चली गई थी छोटी
परिजनों और पुलिस के अनुसार, मृतिका छोटी कुमारी की पहले ही शादी हो चुकी थी और वह अपने पति के साथ रहती थी। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले ऋषभ कुमार के साथ उसकी नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया। करीब दो साल पहले छोटी अपने पति का घर छोड़कर ऋषभ के साथ चली गई थी, जिसके बाद परिजनों ने रोह थाने में अपहरण और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घर छोड़ने के बाद दोनों दमन चले गए और वहां किराए के मकान में पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे।

दमन पुलिस ने ट्रॉली बैग से बरामद किया शव, आरोपी प्रेमी फरार
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमन पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रॉली बैग बरामद किया, जिसे खोलने के अंदर एक महिला का शव मिला। पुलिस ने छानबीन के बाद शव की शिनाख्त छोटी कुमारी के रूप में की और इसकी सूचना तुरंत बिहार के नवादा स्थित रोह थाना पुलिस को दी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी और मृतिका का प्रेमी ऋषभ कुमार फरार है। पुलिस का शक है कि किसी बात पर हुए विवाद के बाद ऋषभ ने ही उसकी हत्या कर शव को बैग में बंद कर ठिकाने लगाने की कोशिश की है।

बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
गांव के चौकीदार के जरिए जब परिजनों को इस खौफनाक घटना की जानकारी मिली, तो परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन दमन के लिए रवाना हो गए। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी ऋषभ की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी और इस वारदात में कोई अन्य शामिल था या नहीं, यह आरोपी की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।