जमींदोज हुआ दाऊद का पुराना अड्डा: बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद BMC ने भिंडी बाजार के जर्जर मुसाफिरखाने पर शुरू की कार्रवाई

Mumbai Bhindi Bazaar: मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में स्थित ऐतिहासिक ‘हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना’ को गिराने की कार्रवाई बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने गुरुवार,…

Mumbai Bhindi Bazaar: मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में स्थित ऐतिहासिक ‘हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना’ को गिराने की कार्रवाई बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने गुरुवार, 19 नवंबर को शुरू कर दी। पाकमोडिया स्ट्रीट पर बनी यह इमारत कभी (Mumbai Bhindi Bazaar) अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार का ठिकाना हुआ करती थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी गई।

JCB के इस्तेमाल को लेकर हुआ विरोध बुधवार को कार्रवाई टलने के बाद गुरुवार सुबह BMC की टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। शुरुआत में इमारत को गिराने के लिए कई JCB मशीनें लगाई गई थीं, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने यह कहते हुए आपत्ति जताई कि बड़ी मशीनों से इमारत तोड़ने पर ‘गलत संदेश’ जा रहा है। इसके बाद प्रशासन ने मशीनें हटाकर मैनुअल (हाथ से) तरीके से तोड़फोड़ करने का फैसला किया। हालांकि, कुछ समय बाद BMC ने कुछ JCB मशीनों को दोबारा काम पर लगा दिया।

हज यात्रियों के लिए बना था, फिर बना दाऊद का ठिकाना इस इमारत का इतिहास काफी पुराना है। इसका निर्माण मूल रूप से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए किया गया था। समय बीतने के साथ इसका स्वरूप बदलता गया और कमरों को किराये पर देने के साथ ही यहां दुकानें खुल गईं, जिससे यह एक रिहायशी और व्यावसायिक परिसर बन गया। मुंबई के अंडरवर्ल्ड इतिहास में इस जगह का खास जिक्र है, क्योंकि बताया जाता है कि दाऊद इब्राहिम ने अपने जीवन का शुरुआती दौर इसी मुसाफिरखाने में बिताया था।

जर्जर हालत और पुनर्विकास प्रोजेक्ट के कारण कार्रवाई BMC ने इस इमारत को अत्यंत जर्जर और खतरनाक मानते हुए ‘C-1’ श्रेणी में रखा था, जो रहने या इस्तेमाल के लिहाज से पूरी तरह असुरक्षित मानी जाती है। नगर निगम के अनुसार, इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों की जान को खतरा था। इसके अलावा, यह इमारत सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) के तहत चल रहे भिंडी बाजार क्लस्टर पुनर्विकास प्रोजेक्ट का हिस्सा है और इसका कुछ भाग प्रस्तावित अंदरूनी सड़क के रास्ते में आ रहा था। यह पूरी कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के 31 अगस्त 2020 के आदेश के अनुपालन में की जा रही है।

भूतल पर बने प्रार्थना स्थल को लेकर विवाद इमारत के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर स्थित एक प्रार्थना स्थल को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी थी। BMC ने वहां मौजूद लोगों को जगह खाली करने का निर्देश दिया था। वहीं, SBUT की ओर से विकल्प के तौर पर सेक्टर-4 स्थित अन नस्र टावर में प्रार्थना स्थल उपलब्ध कराने या किराये के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया था, हालांकि कुछ लोगों ने इस व्यवस्था पर अपनी असहमति जताई थी।