शादी के महज 8 महीने बाद ही पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खूनी साजिश, गला रेतकर और पत्थर से कुचलकर की पति की निर्मम हत्या

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शादी के महज आठ…

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शादी के महज आठ महीने बाद ही (Maharashtra Crime News) एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 27 वर्षीय पति को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पहले उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया और फिर सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। मामले में वाशी पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या व साजिश का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

मृतक की पहचान वाशी तालुका के गोलेगांव निवासी गोविंद शिवाजी कागड़े (27) के रूप में हुई है। यह खौफनाक वारदात गुरुवार (19 नवंबर) को दोपहर 12 से 2 बजे के बीच वाशी तालुका के रामकुंड शिवरा इलाके में हुई। गोविंद का शव सरमकुंडी से भूम जाने वाले मार्ग पर स्थित कुंथलगिरि पहाड़ी दर्रे से बरामद हुआ। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने बेहद क्रूरता से पहले गोविंद की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया और इसके बाद पत्थर से सिर कुचलकर उसकी जान ले ली। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मर्जी के खिलाफ हुई थी शादी, प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहा था पति प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोविंद और अंजलि का विवाह आठ महीने पहले ही हुआ था। बताया जा रहा है कि यह शादी अंजलि की मर्जी के खिलाफ हुई थी और विवाह के बाद भी उसका शुभम सुभाष खोसे नामक युवक के साथ प्रेम संबंध जारी था। आरोप है कि पति गोविंद दोनों के रिश्ते में अड़चन बन रहा था। इसी के चलते अंजलि और उसके प्रेमी शुभम ने मिलकर गोविंद की हत्या की खूनी साजिश रची और मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया।

पत्नी और प्रेमी पर केस दर्ज, पुलिस कर रही गहन जांच मृतक गोविंद के चचेरे भाई ज्ञानेश्वर बाजीराव कागड़े ने वाशी पुलिस स्टेशन में इस हत्याकांड की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी अंजलि कागड़े और उसके प्रेमी शुभम सुभाष खोसे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। वाशी पुलिस स्टेशन के निरीक्षक शंकर शिंदे के मार्गदर्शन में मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पूरी वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और इस साजिश में अन्य किन लोगों की भूमिका हो सकती है।