Delhi Gang Rape Case: दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक युवती के साथ कथित गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित (Delhi Gang Rape Case) कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के ‘कैफे 8’ में काम करती है और बताया जा रहा है कि आरोपी भी उसी के साथ वहां काम करते हैं। सोमवार रात युवती अपने दोस्तों के साथ कुल आठ लोगों के समूह में प्रीत विहार स्थित ‘सल्तनत कैफे’ पहुंची थी, जहां सभी ने पार्टी और डांस किया।
बताया जा रहा है कि कैफे रात करीब साढ़े 11 बजे बंद हो गया था, लेकिन समूह में से किसी एक के पास चाबी होने के चलते उसने कैफे खोला और सभी ने वहीं पार्टी जारी रखी। इस दौरान सभी ने शराब का सेवन किया और सुबह करीब साढ़े तीन बजे वे कैफे से बाहर निकले।
इसके कुछ देर बाद युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया और बाकी साथियों ने उनका साथ दिया। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप की संबंधित धाराओं में छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की और पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच और सामने आए CCTV फुटेज के मुताबिक, घटना के बाद युवती अपने एक पुरुष मित्र और दो अन्य युवतियों के साथ वहां से जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे युवती ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस फरार चल रहे तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
