बदलापुर में दिल दहला देने वाला हादसा! आवारा कुत्ते से बचने के लिए भागे 18 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मौत

Badlapur News: महाराष्ट्र के बदलापुर से एक बेहद चौंकाने और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आवारा कुत्ते से बचने के लिए…

Badlapur News: महाराष्ट्र के बदलापुर से एक बेहद चौंकाने और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आवारा कुत्ते से बचने के लिए भाग रहे 18 वर्षीय युवक (Badlapur News) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। लगातार पीछा कर रहे कुत्ते के कारण युवक बुरी तरह डर गया था और तेजी से दौड़ने के दौरान उसे दिल का दौरा पड़ गया।

यह घटना बदलापुर पश्चिम के शानीनगर इलाके की है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय हर्षल शिंदे अपने दोस्तों के साथ एक दोस्त को छोड़ने शानीनगर गया था। वहां एक महिला आवारा कुत्तों को खाना खिला रही थी। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता हर्षल और उसके दोस्त के पीछे दौड़ने लगा। कुत्ते को देख हर्षल इतना घबरा गया कि खुद को बचाने के लिए तेज रफ्तार में भागने लगा और पास की एक दुकान में जा छिपा, जहां उसे अचानक हार्ट अटैक आ गया।

घटना के तुरंत बाद हर्षल को उपचार के लिए बदलापुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले हर्षल की हार्ट बाईपास सर्जरी हुई थी। अचानक पैदा हुए डर और तेज दौड़ने से उसके दिल पर अत्यधिक दबाव पड़ा, जो जानलेवा साबित हुआ।

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों में भी गहरा आक्रोश है। नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण के दावों के बीच इस घटना ने एक बार फिर बदलापुर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।