आसान होंगे बाबा केदार के दर्शन! सोनप्रयाग से केदारनाथ तक बनेगा दुनिया के सबसे ऊंचे रोपवे में से एक—महज 27 से 36 मिनट में पूरा होगा

Kedarnath Ropeway Project: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में केदारनाथ को सबसे प्रमुख तीर्थस्थलों में गिना जाता है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी…

Kedarnath Ropeway Project: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में केदारनाथ को सबसे प्रमुख तीर्थस्थलों में गिना जाता है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Kedarnath Ropeway Project) ने नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाली केदारनाथ रोपवे परियोजना का खाका पेश किया। रुद्रप्रयाग जिले में बनने वाला यह प्रोजेक्ट दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर होने वाली तीर्थयात्रा को बेहद सुगम बना देगा।

लगभग 11,500 फीट की ऊंचाई पर प्रस्तावित यह रोपवे दुनिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में से एक होगा। सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम के बीच 13 किलोमीटर लंबी यह हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी और प्रत्येक केबिन या ट्रॉली में करीब 35 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी।

वर्तमान में श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग या गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 16 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई तय करनी पड़ती है, जिसमें पैदल, खच्चर या अन्य माध्यमों से करीब 8 से 9 घंटे लग जाते हैं। रोपवे के शुरू होने के बाद यह लंबा और थकाऊ सफर घटकर महज 27 से 36 मिनट में पूरा हो सकेगा।

यह परियोजना भारत सरकार की ‘पर्वतमाला’ योजना के तहत स्वीकृत की गई है और इसका निर्माण तथा संचालन का जिम्मा अदाणी समूह को मिला है, जिसके पास 29 वर्षों तक इसके संचालन का अधिकार रहेगा। इससे बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए दर्शन करना आसान होगा, साथ ही खच्चर, पालकी और हेलीकॉप्टर पर निर्भरता भी घटेगी।

परियोजना को पीपीपी (PPP) के बीओटी (BOT) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। पहले इसे पूरी तरह सरकारी खर्च पर बनाने पर विचार था, लेकिन बीओटी मॉडल के तहत निजी निवेशक अपनी ओर से 5,000 करोड़ रुपये लगाएंगे। इससे सरकारी खजाने पर बोझ नहीं पड़ेगा और सरकार को सालाना करीब 800 करोड़ रुपये की आय या रॉयल्टी मिलने की उम्मीद है।

इस रोपवे में भारत में पहली बार ट्राई-केबल डिटैचेबल गोंडोला (3S) तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिसमें तीन केबल तारों का सहारा लिया जाता है। यह तकनीक तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम में भी केबिन को सुरक्षित रखने में मददगार होगी। रोपवे की क्षमता प्रति घंटे 1,800 यात्रियों को ले जाने की होगी, जिससे रोजाना 18,000 से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकेंगे और स्थानीय होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, कैब व गाइडों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।