Vijayapura Murder Case: कर्नाटक के विजयपुरा शहर से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाली एक घटना (Vijayapura Murder Case) ने सभी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की निर्मम हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान राजशेखर के रूप में हुई है, जबकि मुख्य आरोपी उसकी पत्नी अश्विनी है। इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने पत्नी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रंगाई के काम के दौरान शुरू हुई थी प्रेम कहानी
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजशेखर और अश्विनी की शादी हुई थी और उनके छह साल के जुड़वां बेटे भी हैं। हाल ही में राजशेखर ने एक नया घर बनवाया था। इसी नए घर में पेंटिंग (रंगाई) का काम करने के लिए मदीना निवासी आनंद कल्लू आया था। काम के दौरान अश्विनी और आनंद की नजदीकियां बढ़ीं, जो धीरे-धीरे अवैध प्रेम संबंध में तब्दील हो गईं। आनंद पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात अश्विनी से छुपा कर रखी थी।
“चलो मेरे पति को खत्म कर देते हैं…”
प्यार में इस कदर अंधी हो चुकी अश्विनी ने एक दिन अपने प्रेमी आनंद से कहा, “चलो मेरे पति को खत्म कर देते हैं, फिर हम दोनों हमेशा के लिए साथ रह सकते हैं।” इसके बाद दोनों ने मिलकर राजशेखर की हत्या करने और उसकी सारी संपत्ति हड़पने की एक खतरनाक योजना बनाई। साजिश के तहत, जब राजशेखर रोज की तरह टहलने के लिए घर से बाहर निकले, तो अश्विनी ने इसकी पल-पल की जानकारी फोन पर आनंद को देना शुरू कर दिया।
स्कॉर्पियो से कुचलकर दिया गया हत्या को अंजाम
योजना के मुताबिक, आनंद ने सचिन बडाली को बिना नंबर प्लेट वाली एक काली स्कॉर्पियो के साथ जुमनाला रोड पर तैयार रहने को कहा। जैसे ही राजशेखर उस रास्ते से गुजरे, आनंद ने इसकी सूचना सचिन और उसके साथ मौजूद एक नाबालिग लड़के को दे दी। सचिन ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से राजशेखर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि राजशेखर करीब सौ फीट दूर जाकर गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आनंद ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौत की पुष्टि की और अश्विनी को इसकी सूचना देकर फरार हो गया।
शक के दायरे में आई पत्नी और ऐसे खुला राज
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर अश्विनी ने किसी को शक न हो, इसलिए थाने में जाकर झूठी शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। हालांकि, शहर के डीएसपी नागराज के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो मामला कुछ और ही नजर आया। जांच के दौरान पुलिस की नजर मृतका की पत्नी अश्विनी के संदिग्ध और बदले हुए व्यवहार पर पड़ी। कड़ाई से की गई जांच के बाद सच सामने आ गया और पुलिस ने हत्या में शामिल अश्विनी समेत चारों आरोपियों को धर दबोचा।
