ग्रेटर नोएडा में खौफनाक सुबह: रात में मैगी खाकर सोया पूरा परिवार, सुबह बिस्तर पर मिली पति-पत्नी और 3 मासूमों की लाशें!

Greater Noida Family Death: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल (नगला पदम) गांव से एक बेहद दिल दहला देने…

Greater Noida Family Death: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल (नगला पदम) गांव से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना (Greater Noida Family Death) सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

रात में मैगी खाकर सोए थे सभी, सुबह नहीं उठे
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, नगला पदम निवासी महेश (37) और उनकी पत्नी ललिता (35) ने अपने तीन बच्चों के साथ रात करीब 10 बजे मैगी (नूडल्स) खाई थी और इसके बाद सभी सोने चले गए थे। लेकिन अगली सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और परिवार का कोई भी सदस्य बाहर नहीं आया, तो पड़ोसियों और परिजनों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो पांचों के शव बिस्तर पर पड़े मिले, जिसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।

मृतकों की हुई शिनाख्त
सूचना मिलने पर तुरंत थाना रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान महेश (37 वर्ष), उनकी पत्नी ललिता (35 वर्ष), और उनके तीन बच्चों—लड्डू (11 वर्ष), मिष्टी (7 वर्ष) तथा साक्षात (3 वर्ष) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के पांच लोगों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फोरेंसिक और फूड विभाग की टीमें कर रही हैं जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ उच्च अधिकारी, एम्बुलेंस, फील्ड यूनिट, फोरेंसिक (FSL) टीम और खाद्य सुरक्षा (Food & Safety) विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका
मौत के असली कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) का प्रतीत हो रहा है। मृतक महेश की माता और स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में परिवार ने नूडल्स का सेवन किया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।