Ranabali Movie Review: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित पीरियड-ड्रामा और एक्शन फिल्म ‘राणाबली’ शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। रश्मिका और विजय की यह फिल्म ऐसे समय पर रिलीज हुई है जब थिएटर्स में (Ranabali Movie Review) पहले से ही रजनीकांत की ‘जेलर 2’ और अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों में भारी क्रेज देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही, यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ भी इसी दिन सिनेमाघरों में उतरी हैं। अब सोशल मीडिया पर भी ‘राणाबली’ को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं, जहाँ इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर मिल रहा मिला-जुला रिस्पॉन्स
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों की अलग-अलग राय देखने को मिल रही है। जहाँ कुछ लोगों ने विजय देवरकोंडा के दमदार अभिनय, उनकी तीव्रता और शानदार स्क्रीन प्रेज़ेंस की जमकर तारीफ की है, वहीं कुछ अन्य लोगों ने फिल्म के दूसरे हिस्से की आलोचना करते हुए इसे ‘थकाऊ’ बताया है। X (ट्विटर) पर एक यूजर ने निर्देशक राहुल सांकृत्यान की सोच और कहानी कहने के अंदाज की सराहना करते हुए लिखा, ‘राहुल सांकृत्यान की सोच और कहानी कहने के तरीके की जितनी तारीफ की जाए, कम है। भावनाओं और किरदारों को पेश करने का उनका तरीका सिनेमा के प्रति उनके जुनून को दिखाता है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा कि विजय और रश्मिका की केमिस्ट्री बहुत अच्छी है, हालांकि फिल्म के कुछ हिस्सों में थोड़ी कमी महसूस होती है।
कुछ दर्शकों को रास नहीं आई फिल्म
दूसरी तरफ, कुछ यूजर्स ने फिल्म में कमियां निकालते हुए इसे निराशाजनक और बोरिंग बताया है। एक यूजर ने लिखा, ‘फिल्म का दूसरा हिस्सा बहुत थकाऊ था, विजय की मेहनत बेकार गई… रश्मिका जब स्क्रीन पर आती हैं, बस तभी कुछ अच्छा लगता है! अजय-अतुल का संगीत काफी निराश करने वाला है और फिल्म में जरूरत से ज्यादा हिंसा है।’ एक अन्य यूजर का कहना है कि फिल्म का पहला हाफ सुस्त है, ब्रिटिश शासन से जुड़े हिस्से कोई खास इमोशनल असर नहीं छोड़ पाते और इसका बैकग्राउंड म्यूजिक (BGM) भी काफी औसत दर्जे का है।
फिल्म की स्टार कास्ट और क्रू की जानकारी
‘राणाबली’ में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह लोकप्रिय जोड़ी शादी के बाद पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आ रही है, जिसे लेकर उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इससे पहले यह जोड़ी ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी हिट फिल्मों में एक साथ काम कर चुकी है। इस फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लो भी एक अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है, इसे ‘मैत्री मूवी मेकर्स’ के बैनर तले नवीन यरनेनी और वाई रवि शंकर ने प्रोड्यूस किया है, और टी-सीरीज फिल्म्स ने इसे प्रस्तुत किया है।
