‘फर्जी’ वेब सीरीज देखकर शुरू किया जाली नोटों का काला कारोबार, 5.26 लाख की फेक करेंसी के साथ मुजफ्फरनगर में 3 शातिर गिरफ्तार

Muzaffarnagar Fake Currency: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए (Muzaffarnagar…

Muzaffarnagar Fake Currency: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए (Muzaffarnagar Fake Currency) तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 5,26,000 रुपये के जाली नोट और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बुढाना कोतवाली क्षेत्र के मेरठ-करनाल हाईवे पर की गई, जहां ये आरोपी नकली करेंसी की सप्लाई करने के लिए पहुंचे थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल:
बुढाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग मेरठ-करनाल हाईवे पर भारी मात्रा में नकली नोट लेकर आने वाले हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और मौके से तीनों आरोपियों—शुभम, महेंद्र और टीनू को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से लाखों के जाली नोट और प्रिंटिंग सामग्री बरामद हुई।

‘फर्जी’ वेब सीरीज देखकर आया था आइडिया:
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी शुभम ने हैरान करने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने एक लोकप्रिय वेब सीरीज ‘फर्जी’ देखी थी, जिससे उसे नकली नोट छापकर रातों-रात अमीर बनने का आइडिया आया। इसके बाद आरोपियों ने दिल्ली के नरेला स्थित एक फ्लैट को अपना ठिकाना बनाया और यूट्यूब से वीडियो देखकर नकली नोट छापने की ट्रेनिंग ली। महाराष्ट्र के एक व्यक्ति (गणेश) के जरिए वे विशेष पेपर मंगवाते थे और फिर दिल्ली-यूपी समेत विभिन्न इलाकों में नकली नोट खपाकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

एसएसपी ने दी मामले की जानकारी और पुलिस टीम के लिए इनाम की घोषणा:
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मुजफ्फरनगर, सूरज कुमार राय ने बताया कि एसपी ग्रामीण और सीओ बुढ़ाना के नेतृत्व में यह सफल ऑपरेशन चलाया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और विशेष प्रिंटिंग पेपर भी मिले हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है जो बाजार में नोट सप्लाई करने का काम करते थे। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नकद इनाम से सम्मानित करने की घोषणा की है।