इंस्टाग्राम की दोस्ती पड़ी भारी: उज्जैन में नशीली कॉफी पिलाकर चलती कार में महिला से दरिंदगी

Ujjain Crime News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया…

Ujjain Crime News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। इंदौर की रहने वाली (Ujjain Crime News) इस महिला ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद वह उज्जैन में एक व्यक्ति से मिलने आई थी, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर चलती कार में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला इंदौर की रहने वाली है और पिछले कुछ समय से अपने परिवार से अलग रह रही है। कुछ महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों की पहले भी एक-दो बार मुलाकात हो चुकी थी।

शिकायत के मुताबिक, महिला सोमवार रात बस द्वारा इंदौर से उज्जैन पहुंची थी। इंदौर रोड पर मेघदूत होटल के पास उतरने के बाद वह चक्रेश की कार में सवार हो गई। कुछ देर तक कार में घूमने के बाद दोनों ने कॉफी पी। महिला का आरोप है कि कॉफी पीने के तुरंत बाद उसे चक्कर आने लगे और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

चलती कार में यौन उत्पीड़न का आरोप
महिला ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि तबीयत बिगड़ने के कुछ देर बाद कार में एक अन्य व्यक्ति भी आकर बैठ गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किया गया। महिला का यह भी दावा है कि बाद में कार में कुछ और लोग भी सवार हुए, जिन्होंने उसके साथ गलत हरकतें कीं। साथ ही उसने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके कपड़े फाड़े गए और उसके निजी अंगों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे इंदौर में अरविंदो अस्पताल के पास छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की सही संख्या की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला और कराया मेडिकल परीक्षण
घटना के बाद पीड़िता उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल परीक्षण में महिला के निजी अंगों पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस का यह भी मानना है कि चोट के निशान न मिलने का मतलब यह नहीं है कि घटना हुई ही न हो। पुलिस महिला के बयानों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर मामले की सत्यता की जांच कर रही है।

महिला ने वीडियो जारी कर रखी अपनी बात
इस मामले में पीड़िता ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने इंस्टाग्राम दोस्ती, कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाने और कार में अन्य लोगों द्वारा उत्पीड़न किए जाने के आरोपों को दोहराया है। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के साक्ष्यों का मिलान कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।