Bijnor Road Accident: उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित नूरपुर-धामपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि दो (Bijnor Road Accident) अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धौलागढ़ के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
कार के पानी में डूबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही नूरपुर के शहीदनगर निवासी 20 वर्षीय रिहान ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों में से अथाई निवासी उसैद की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेरठ और तीसरे युवक हुसैन को उनके परिजन बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए हैं।
नूरपुर थाना के SHO परवेज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जवान बेटे की अचानक मौत से रिहान के परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
इस दर्दनाक हादसे ने सड़क सुरक्षा और प्रशासन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आक्रोशित स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे बने इन जानलेवा गड्ढों को समय रहते भर दिया गया होता, तो शायद यह जानलेवा हादसा टाला जा सकता था और एक घर का चिराग बुझने से बच जाता।
