सांसें थमा देने वाले 3 घंटे: बुटोली गांव में खुले बोरवेल में गिरा भानु, 3 जेसीबी और लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट से बची जान

Alwar News: अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र के बुटोली गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सोमवार को पतंग उड़ाने के दौरान नौ…

Alwar News: अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र के बुटोली गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सोमवार को पतंग उड़ाने के दौरान नौ साल का एक बच्चा (Alwar News) खुले बोरवेल में जा गिरा। गनीमत यह रही कि करीब तीन घंटे तक चले मैराथन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

बच्चे की पहचान बुटोली गांव निवासी शिशराम गुर्जर के नौ वर्षीय बेटे भानु के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब भानु पतंग उड़ा रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर बोरवेल में जा गिरा। बोरवेल के भीतर भानु लगभग 40 फीट की गहराई में जाकर फंस गया था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस महकमा और राहत टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। बच्चे को बचाने के लिए युद्धस्तर पर समानांतर सुरंग खोदने की योजना बनाई गई और खुदाई के काम में एक साथ तीन जेसीबी मशीनों को लगाया गया। रेस्क्यू के दौरान बोरवेल के अंदर फंसे बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती रही।

इस बचाव अभियान के दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे रहे। इसके अलावा, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत कार्य में सहयोग कर रहे थे। पुलिस और बचाव दलों के संयुक्त प्रयासों से आखिरकार भानु को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिल गई।