मेरठ CHC में मरीज परेशान, ड्यूटी के समय मेहंदी रचाती दिखीं महिला कर्मचारी

Meerut CHC Viral Video: मेरठ के अब्दुल्लापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात महिला कर्मचारियों की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने (Meerut CHC…

Meerut CHC Viral Video: मेरठ के अब्दुल्लापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात महिला कर्मचारियों की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने (Meerut CHC Viral Video) आया है। स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ महिला कर्मचारी ड्यूटी के समय मरीजों का इलाज करने के बजाय आपस में बैठकर हाथों में मेहंदी लगवाती नजर आ रही हैं।

मामले के अनुसार, दानिश नाम का एक व्यक्ति अपनी बीमार पत्नी को टीका लगवाने के लिए अब्दुल्लापुर CHC पहुंचा था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब उसकी पत्नी को उपचार नहीं मिला, तो उसने अस्पताल के अंदर जाकर कर्मचारियों से इसकी जानकारी ली।

आरोप है कि कर्मचारियों ने उसे बताया कि अस्पताल के प्रभारी छुट्टी पर हैं, इसलिए फिलहाल कोई काम नहीं हो पाएगा। हालांकि, जब मरीज और उसके तीमारदार ने अंदर जाकर देखा, तो वे हैरान रह गए क्योंकि कमरे में मौजूद महिला कर्मचारी मरीजों की देखभाल करने के बजाय आराम से आपस में मेहंदी लगवा रही थीं।

घटना से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है, जिसके बाद सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की कार्यशैली और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई है। हालांकि, यह वायरल वीडियो कब का है और उस समय वास्तव में उन कर्मचारियों की ड्यूटी थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामला तूल पकड़ने के बाद मेरठ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रामप्रसाद ने वायरल वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया है। सीएमओ ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो कब का है, उस समय संबंधित कर्मचारी ड्यूटी पर थीं या नहीं और मरीज को इलाज के लिए लंबा इंतजार क्यों करना पड़ा। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।