प्रॉपर्टी हड़पने के लिए मृत पिता के शव का सादे कागज पर लगवाया अंगूठा, वीडियो वायरल

Lucknow Viral Video: राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र से रिश्तों और इंसानियत को तार-तार कर देने वाला एक अत्यंत झकझोर देने वाला मामला सामने आया…

Lucknow Viral Video: राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र से रिश्तों और इंसानियत को तार-तार कर देने वाला एक अत्यंत झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रहीमाबाद के खड़ौहा गांव (Lucknow Viral Video) में जमीन के लालच और प्रॉपर्टी हड़पने की हवस में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही मृत पिता के शव का अंगूठा सादे कागज पर लगवा लिया। इस घिनौनी हरकत ने हर किसी को हैरान कर दिया है और इसकी चहुंओर कड़ी निंदा हो रही है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खड़ौहा गांव के रहने वाले 75 वर्षीय छत्रपाल का निधन हो गया था। पिता की सांसें थमते ही उनके इकलौते बेटे महेंद्र की नीयत डोल गई। आरोप है कि पिता की संपत्ति और जमीन अवैध रूप से अपने नाम करवाने के मकसद से महेंद्र ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची और पिता के अंतिम संस्कार से पहले ही उनके बेजान हाथ से सादे कागजों पर अंगूठा लगवाना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
शव के साथ की जा रही इस अमानवीय और शर्मनाक हरकत को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण दंग रह गए। कुछ स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग इस कलयुगी बेटे के अमानवीय कृत्य की तीखे शब्दों में आलोचना कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान ले लिया है और मामले की गहराई से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर तथ्यों की पुष्टि कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।