Jaipur Food Adulteration: राजस्थान की राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की सेंट्रल टीम ने जयपुर स्थित मेसर्स ‘आनंद धाबास’ की सोहनपापड़ी निर्माण इकाई पर औचक छापेमारी की। इस दौरान (Jaipur Food Adulteration) भारी मात्रा में तैयार सोहनपापड़ी पर पैकेजिंग डेट और एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारियां नहीं पाई गईं। इसके अलावा, निर्माण इकाई में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों की भी गंभीर अनदेखी सामने आई, जिसके बाद विभाग ने मौके पर ही करीब 1600 किलो सोहनपापड़ी को नष्ट करवा दिया।
‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने सोहनपापड़ी और बादाम कटिंग के नमूने (सैंपल) भी एकत्र किए हैं। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है।
प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के मामले में विभाग ने प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट (सुधार) नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSA) के नियमों के तहत आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
गुजरात के गांधीनगर में 1.67 करोड़ का नकली घी पकड़ा गया
इसी तरह की एक अन्य घटना में, कुछ दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पुलिस और एफडीसीए (FDCA) की संयुक्त टीम ने कलोल के छत्राल औद्योगिक क्षेत्र (GIDC) स्थित ‘हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज’ नामक गोदाम पर छापा मारा था। पुलिस महानिरिक्षक वीरेंद्र सिंह यादव के अनुसार, ताड़ के तेल और रसायनों से बनाए जा रहे नकली घी के इस कारखाने से करीब 30,000 लीटर सामग्री और मिलावटी घी जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 1.67 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मुख्य आरोपी जनक भावसार की पिछली गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
