भारत की पहली महिला सूमो पहलवान की प्रेरणादायक कहानी लेकर आ रही है ‘सूमो दीदी’।

Sumo Didi Hetal Dave: भारतीय सिनेमा में खेलों पर आधारित कहानियां अक्सर खिलाड़ियों के संघर्ष और उनकी जीत का जश्न मनाती हैं। लेकिन क्या हो,…

Sumo Didi Hetal Dave: भारतीय सिनेमा में खेलों पर आधारित कहानियां अक्सर खिलाड़ियों के संघर्ष और उनकी जीत का जश्न मनाती हैं। लेकिन क्या हो, जब किसी खिलाड़ी (Sumo Didi Hetal Dave) की सबसे बड़ी ताकत वही बन जाए, जिसे दुनिया उसकी कमजोरी समझती हो? ऐसी ही एक बेहद प्रेरणादायक कहानी लेकर आ रही है फिल्म ‘सूमो दीदी’, जिसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। भारत की पहली प्रोफेशनल महिला सूमो पहलवान हेतल दवे के जीवन से प्रेरित यह फिल्म महिलाओं की पहचान, उनके आत्मविश्वास और समाज की रूढ़िवादिता को कड़ी चुनौती देती नजर आती है।

रिलीज और निर्देशक की जानकारी
यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर हिंदी भाषा में रिलीज होने जा रही है। इसका निर्देशन जयंत रोहतगी ने किया है, जबकि मुख्य भूमिका में अभिनेत्री श्रियम भगनानी नजर आएंगी। गौर करने वाली बात यह है कि भारतीय सिनेमा में अब तक लड़कियों को लेकर क्रिकेट, बैडमिंटन और कुश्ती जैसे विषयों पर कई फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब सूमो कुश्ती जैसे अनूठे और अलग विषय को पर्दे पर उतारा जा रहा है।

क्या है फिल्म की दिलचस्प कहानी?
‘सूमो दीदी’ की कहानी हेतल दवे के उस संघर्षपूर्ण सफर को बयां करती है, जिसमें एक महिला समाज द्वारा तय की गई सीमाओं को पीछे छोड़कर अपनी एक अलग पहचान बनाने निकल पड़ती है। एक रूढ़िवादी मारवाड़ी परिवार से ताल्लुक रखने वाली हेतल के लिए सूमो कुश्ती का कठिन रास्ता चुनना कतई आसान नहीं था। महिलाओं की शारीरिक बनावट, उनकी ताकत और उनके सपनों को लेकर समाज में बनी पूर्वाग्रह की धारणाओं के बीच, हेतल अपने जुनून को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेती हैं। यह फिल्म खेल के मैदान से आगे बढ़कर महिलाओं के शरीर, उनकी पसंद और समाज की अपेक्षाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल भी खड़े करती है।

कलाकारों का अभिनय और जापान से कोलकाता तक शूटिंग
फिल्म में हेतल दवे का मुख्य किरदार निभा रही श्रियम भगनानी की यह पहली लीड फिल्म है। इस चुनौतीपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें शारीरिक और भावनात्मक दोनों स्तरों पर कड़ी मेहनत करनी पड़ी है। उनके अलावा फिल्म में चैतन्य शर्मा, अनुभा फतेहपुरिया, नितेश पांडे, राघव धीर और मीनल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। श्रियम के मुताबिक, यह किरदार निभाना उनके जीवन के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा। इस फिल्म की शूटिंग जापान, कोलकाता और मुंबई की वास्तविक लोकेशंस पर की गई है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल चुकी है सराहना
फिल्म के निर्देशक जयंत रोहतगी के अनुसार, हेतल की जिंदगी में उन्हें सामाजिक दबाव, लैंगिक भेदभाव और अपनी पहचान के लिए जूझने वाली एक ऐसी साहसी महिला की कहानी दिखी, जिसने अपनी कथित कमजोरी को अपनी सबसे बड़ी ताकत में बदल दिया। ज्योति देशपांडे, आकाश चावला, अरुणव सेनगुप्ता और अमित चंद्रा द्वारा निर्मित यह फिल्म टोक्यो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी अपनी जगह बना चुकी है।