Rajsamand Accident: राजस्थान के राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ गणपति विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं को लेकर वापस लौट (Rajsamand Accident) रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सांसेरा गांव के पास हुआ हादसा:
यह दर्दनाक दुर्घटना रेलमगरा थाना क्षेत्र के सांसेरा गांव में जलदेवी माता मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। विसर्जन कार्यक्रम के बाद घर लौटते समय अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज:
हादसे की सूचना मिलते ही रेलमगरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से उपचार के लिए आर.के. जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर:
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी शिप्रा राजावत भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की पूरी जानकारी ली। फिलहाल, पुलिस ने इस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
