नागपुर के झिलपा में गहरे पानी में समाए दो स्कूली छात्र, परिवारों में मचा कोहराम

Nagpur Drowning Case: महाराष्ट्र के नागपुर और उत्तर प्रदेश के बलिया से दो अलग-अलग और दुखद घटनाएं सामने आई हैं। नागपुर के काटोल थाना क्षेत्र…

Nagpur Drowning Case: महाराष्ट्र के नागपुर और उत्तर प्रदेश के बलिया से दो अलग-अलग और दुखद घटनाएं सामने आई हैं। नागपुर के काटोल थाना क्षेत्र में तालाब (Nagpur Drowning Case) में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि बलिया में एक रिजर्व पुलिसकर्मी का शव तालाब से बरामद हुआ है।

नागपुर: गौरी विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के काटोल थाना क्षेत्र के झिलपा परिसर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां गौरी विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से दो बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान आयुष हरीश कुमार और दर्शन उर्फ दक्ष धनराज लाड़ के रूप में हुई है, जो क्रमशः आठवीं और सातवीं कक्षा में पढ़ते थे।

मंगलवार को गांव की महिलाएं बच्चों के साथ तालाब पर गौरी विसर्जन करने गई थीं। इस दौरान आयुष और दर्शन किनारे पर कम गहरे पानी में उतरे थे, लेकिन अनजाने में वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। जब काफी देर तक वे दिखाई नहीं दिए तो महिलाओं ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों और बच्चों के चाचा ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और काटोल ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे झिलपा गांव में शोक की लहर छा गई है।

बलिया: तालाब में मिला रिजर्व पुलिसकर्मी का संदिग्ध अवस्था में शव
उधर, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से भी एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब से बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, परितोष मिश्रा 13 सितंबर को एक अन्य कांस्टेबल को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसके बाद उन्होंने साथियों के साथ खाना खाया और यह कहकर अपनी मोटरसाइकिल से निकले कि उन्हें रात में दूसरी ड्यूटी पर जाना है। हालांकि, निर्धारित समय पर जब वे थाने नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई, और सोमवार सुबह उनका शव तालाब में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।