बिहार में अनोखी शादी! पहले पानी से धुलवाया पहले पति के नाम का सिंदूर, फिर प्रेमी ने भरी मांग

Bihar Viral Marriage: बिहार के बेगूसराय जिले में एक अजीबोगरीब शादी का मामला सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना…

Bihar Viral Marriage: बिहार के बेगूसराय जिले में एक अजीबोगरीब शादी का मामला सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां अपने प्रेमी से मिलने पहुंची एक नवविवाहिता को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद रातभर चले घटनाक्रम (Bihar Viral Marriage) और सुबह हुई पंचायत के बाद गांव के मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि शादी की रस्म से पहले युवती की मांग में लगा पहले पति के नाम का सिंदूर पानी से धुलवाया गया और फिर प्रेमी ने उसी मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इस पूरी घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

क्या है पूरा मामला, कैसे पकड़े गए प्रेमी-प्रेमिका?
यह घटना बेगूसराय के डंडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मैसहा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात युवती का प्रेमी उससे मिलने गांव आया था। दोनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और रातभर उन्हें रोककर रखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मैसहा गांव निवासी रामविनय तांती की बेटी का अपनी बड़ी बहन के देवर रोहित कुमार के साथ शादी से पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रोहित बिहार के लाखो गांव का निवासी बताया जाता है।

छह महीने पहले हुई थी पहली शादी
ग्रामीणों के मुताबिक, युवती का विवाह करीब छह महीने पहले लखीसराय में हुआ था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही वह अपने मायके मैसहा गांव लौट आई थी और दोबारा ससुराल जाने से इनकार कर दिया था। इसी बीच रोहित का उसके घर आना-जाना बना रहा। 21 नवंबर की रात भी वह उससे मिलने पहुंचा था, तभी ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया और परिजनों व गांववालों को इसकी सूचना दी।

सुबह मंदिर में पंचायत के बाद कराई गई शादी
रातभर चले घटनाक्रम के बाद सुबह करीब पांच बजे गांव के मंदिर परिसर में लोगों और कुछ महिलाओं व बुजुर्गों की मौजूदगी में पंचायत बैठी। इसी दौरान युवती की पहली शादी का मुद्दा उठा और उसकी मांग में लगा सिंदूर पानी से धुलवाया गया। इसके बाद रोहित ने मंदिर के सामने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और दोनों से अपनी मर्जी से विवाह करने की बात भी कहलवाई। वायरल हो रहे दो वीडियो में से एक में सिंदूर धुलवाने और दूसरे में मांग भरने का दृश्य देखा जा सकता है। फिलहाल शादी के बाद दोनों के मैसहा गांव में ही मौजूद होने की बात कही जा रही है।